हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग विवाद के बाद अब कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रक्रिया तेज कर दी है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक बुलाई है। चंडीगढ़ के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की बैठक बुलाई गई है।
केंद्रीय मीटिंग में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी शामिल होने की उम्मीद है। जिसमें क्रॉस वोटिंग करने वाले और कैंसिल वोट वाले विधायकों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा की जाएगी।
इस मीटिंग में हरियाणा से कांग्रेस के पांचों सासंदों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि सिरसा सांसद कुमारी सैलजा राज्यसभा चुनाव में सक्रिय नजर नहीं आईं थी।
एक दिन पहले ही पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास की CM नायब सैनी से मुलाकात तस्वीर सामने आई थी। जिसमें विधायक अपने एक रिश्तेदार और पीए के साथ सीएम के साथ खड़े हैं। बताया जा रहा है कि इसके बाद से ही कांग्रेस एक्टिव हो गई है।
दिल्ली में होने वाली इस विधायक दल की मीटिंग में प्रदेश के सभी पांचों सांसदों के भी शामिल होने का अनुमान है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के 4 सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, जयप्रकाश जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी एक साथ दिखाई दिए थे, मगर कुमारी सैलजा ने चुनाव से दूरी बनाए रखी थी। चुनाव पर उनका कोई बयान भी सामने नहीं आया।

No comments :