फरीदाबाद के बड़खल गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को गांव में विकास कार्य ना होने से नाराज महिलाओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गांव में सड़कों, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द विकास कार्य कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गांव की निवासी रुचि मुंजाल, प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव हेमलता शर्मा और तौफीक बढ़खलिया समेत अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद भी बड़खल गांव में आज तक विकास की एक ईंट तक नहीं लगाई गई है।
उनका कहना है कि वर्ष 2014 से लेकर 2026 तक गांव में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है, जिसके कारण गांव के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि गांव की सड़कों की हालत बेहद खराब है और कई जगह नालियां टूटी हुई पड़ी हैं।

No comments :