फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र के गांव सरूरपुर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान से करीब 350 ग्राम (लगभग 64 लाख रुपये) के सोने के आभूषण लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने एक आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकिब, निवासी गांव सिंगरैड़ा, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पर पहले से लूट और चोरी के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से शिनाख्त परेड कराएगी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को गांव सरूरपुर में सैनी चौपाल के पास श्रीजी ज्वेलर्स की दुकान पर तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान मालिक संजय वर्मा उस समय अकेले थे। दोपहर करीब 2 बजे तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर पहुंचे। एक बदमाश बाहर खड़ा रहा, जबकि दो अंदर घुस गए।
अंदर घुसते ही एक बदमाश ने पिस्टल तान दी और दूसरा अलमारी में रखी सोने की चेन, कंगन, अंगूठी और अन्य ज्वेलरी लूटने लगा। जाते समय बदमाशों ने ज्वैलर के हाथ से सोने का कड़ा भी उतरवा लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के लिए दिल्ली से चोरी की गई बाइक का इस्तेमाल किया था। लूट के बाद आरोपी बाइक को बालाजी कॉलोनी, करनेरा गांव के पास छोड़कर एक टैक्सी से फरार हो गए थे।

No comments :