//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद – फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार संगीन मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सूरजकुंड में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 4 आरोपितो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुबीन(38), खालिद(28), हनीफ(40) व मोहब्बत(22) निवासी गांव बड़खल, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बड़खल निवासी इरफान ने पुलिस चौकी अनखीर में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर 2025 को उसके चाचा के लड़के मोसिम का फोन आया, जिसने बताया कि तौहिद ने उसके साथ मारपीट की है। इसी दौरान तौफ़िक के परिवार के सदस्य मुबीन, वाहिद, हानीफ, खालिद, आसिफ, अरसद, मोहब्बत, महबूब आदि मौके पर आ गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और खालिद ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। जब रिजवान ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसको गंभीर चोट आई। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले ही तौफिक की मोसिम के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसकी रंजिश के चलते तौफिक ने मोसिम के साथ मारपीट की और जब रिजवान उसे छुडाने आया तो तौफिक के परिवार जन मुबीन व खालिद ने क्रिकेट बैट, हनीफ ने कुल्हाडी व मोहब्बत ने लाठी से उन पर हमला कर दिया। सभी आरोपितों को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

No comments :