फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र के जीवन नगर पार्ट-2 में सरूरपुर और गोछि इलाके में जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने अवैध कब्जों और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई घरों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
DTP यजन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन इलाकों में कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति के अवैध निर्माण किया गया था और भू-माफियाओं द्वारा अवैध कॉलोनियां काटी जा रही थीं। विभाग की ओर से पिछले लगभग एक साल से कब्जाधारियों को नोटिस देकर जमीन खाली करने और निर्माण हटाने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन किसी ने भी आदेश का पालन नहीं किया।
इसके बावजूद कुछ लोगों ने नए घर और दुकानें भी बना लीं। इसी कारण विभाग को मजबूर होकर कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान लगभग 4 से 6 अवैध घरों को तोड़ा गया, जबकि करीब 8 से 9 दुकानों को भी ध्वस्त किया गया।
विभाग का कहना है कि यहां रहने वाले कई लोगों ने बिना रजिस्ट्री और बिना सरकारी अनुमति के जमीन खरीदकर निर्माण कर लिया था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की निगरानी में ये कार्रवाई की गई।
वहीं, जिन लोगों के घर और दुकानें तोड़ी गईं, उनमें सोनू और जितेंद्र कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और अचानक प्रशासन पुलिस बल और जेसीबी के साथ पहुंचकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उनका कहना है कि जमीन मालिकों ने जीपीए (पावर ऑफ अटॉर्नी) के माध्यम से सस्ती जमीन का लालच देकर प्लॉट बेचे थे।

No comments :