फरीदाबाद के बाटा रेलवे फ्लाईओवर के नीचे लगने वाली अवैध मंडी में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बने करीब 15 से 25 खोखे, छोटी दुकानें और तख्त जलकर पूरी तरह राख हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुकानदारों ने बताया कि रात करीब 11 बजे तक सभी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रेलवे स्टेशन पर आने वाले लोगों ने सबसे पहले आग की सूचना आसपास के लोगों को दी। इसके बाद करीब 4:30 बजे दुकानदारों को पता चला कि फ्लाईओवर के नीचे बनी दुकानों में आग लगी हुई है।
जब वे मौके पर पहुंचे तो आग की तेज लपटें उठ रही थीं और एक के बाद एक खोखे जलते जा रहे थे। दुकानदारों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी के खोखों और तख्तों से बनी दुकानों में आग तेजी से फैलती चली गई।
फरीदाबाद की सीमा ने बताया कि उनकी चप्पल और मेकअप के सामान की दुकान थी, जो पूरी तरह जल गई। मीना की सिंगार की दुकान, रेखा की कपड़ों की दुकान और शकील की जूते-चप्पलों की दुकान भी आग की चपेट में आ गई।

No comments :