हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र की आज (24 फरवरी) तीसरे दिन की कार्यवाही हंगामेदार रही। कांग्रेस के पैदल मार्च को लेकर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने सवाल उठाए।
इस पर CM नायब सैनी ने कहा कि प्रदर्शन करना है तो सेक्टर 25 में करें। इसके जवाब में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमें प्रदर्शन करने से कोई नहीं रोक सकता। हम तसल्ली करके छोड़ेंगे, ऐसे नहीं छोड़ेंगे।
वहीं, स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद को फोन चलाने पर टोका। स्पीकर ने कहा, "यह गलत है। कल भी कुछ सदस्य सदन में फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। यह सही नहीं है।"
बजट सत्र की शुरुआत में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने पूछा कि कितने लोगों की वृद्धावस्था पेंशन वेरिफाई कराने के नाम पर रोकी गई? इसका मंत्री कृष्ण बेदी ने जवाब दिया कि बुढ़ापा पेंशन में डेथ केस की वजह से 78 हजार पेंशन कटी हैं। अपात्रता पाए जाने पर 5 हजार से ज्यादा पेंशन कटी है। बहुत सी विधवा अब बुढ़ापा पेंशन में कनवर्ट हुई हैं।
विधायक ने टोकते हुए कहा- इतना टाइम वेस्ट करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि कितनी पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी हैं। इस पर बेदी बोले-तसल्ली तो बैठानी पड़ेगी। इसके बाद CM नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सीएम को जवाब देने की कोशिश की तो स्पीकर उन्हें रोक दिया।

No comments :