बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के बड़े भाई के फरीदाबाद स्थित रिसॉर्ट के वॉशरूम में छत्रपति शिवाजी और रानी पद्मावती की फोटो लगाए जाने का दावा किया गया। सोशल मीडिया पर इसे लेकर वीडियो सामने आया। इसे महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता अतुल लोंधे पाटिल ने अपने X अकाउंट पर शेयर किया है।
वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का कहना है कि मेल और फीमेल वॉशरूम में ये फोटो लगाए गए थे। हालांकि बाद में ये हटवा दिए गए। जब इस मामले में भाजपा विधायक के भाई और रिसॉर्ट के मालिक टिपरचंद से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह वीडियो उनके रिसॉर्ट का नहीं है। जिसने भी इस वीडियो को उनका बताकर वायरल किया है उसकी पहचान कर पुलिस को शिकायत दी जाएगी।
इस विवाद के बीच होटल के वॉशरूम के फोटो भी सामने आए हैं, जिसमें मेल और फीमेल सेक्शन में अब घोड़ों की फोटो लगी हुई दिखाई दे रही है।
इस पूरे विवाद के बीच, भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के भाई टिपरचंद ने कहा कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह उनके रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल का नहीं है। इस इलाके के अवैध बैंक्वेट पर प्रशासन इन दिनों कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त कर रहा है। इससे गुस्साए किसी शख्स ने उनके बैंक्वेट का नाम विवाद में घसीट दिया, जबकि सच्चाई यह है कि ऐसा कुछ भी नहीं है।

No comments :