हरियाणा सरकार में खाद्य मंत्री राजेश नागर का जन्मदिन इस बार खासा चर्चा में रहा। हाथ में तलवार लेकर हवा में लहराने और उसी तलवार से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके साथ ही उनके जन्मदिन के मौके पर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश भी कराई गई, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
दरअसल, शुक्रवार को मंत्री राजेश नागर ने अपना 46वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उनके निवास पर सुबह से ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोग केक और फूल लेकर उन्हें बधाई देने पहुंचे। जन्मदिन समारोह में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और मंत्री गौरव गौतम भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए मंत्री के समर्थकों की ओर से हेलीकॉप्टर के जरिए फूलों की बारिश कराई गई। हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देख आसपास के इलाकों में भी लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई क्विंटल फूलों की बारिश की गई।
वहीं, जन्मदिन समारोह के दौरान समर्थकों ने मंत्री राजेश नागर को तलवार भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने तलवार को हवा में लहराया और उसी तलवार से केक काटा। समर्थकों ने उन्हें केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। तलवार लहराने और केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इस मौके पर मंत्री विपुल गोयल और गौरव गौतम ने भी राजेश नागर को केक खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश नागर ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि जनता और समर्थकों ने जिस तरह प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।


No comments :