हरियाणा सरकार की ध्वजारोहण लिस्ट से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम गायब है। जबकि सरकार ने प्रदेश में भाजपा के सभी सांसदों को मौका दिया है। इस संबंध में शासन की ओर से 2 लिस्ट भी जारी की गई है।
इनमें राव इंद्रजीत को छोड़कर बीजेपी के लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों के नाम शामिल हैं। सरकार की ओर से 19 जनवरी को पहली लिस्ट जारी की गई थी
। अब 23 जनवरी को जारी हुई दूसरी लिस्ट में भी राव का नाम शामिल नहीं है।
उधर, प्रदेश सरकार ने राव इंद्रजीत के राजनीतिक विरोधी माने जाने वाले मंत्री राव नरबीर सिंह को नारनौल में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे अब सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि राव इंद्रजीत सिंह के ऑफिस का कहना है कि उन्हें ध्वजारोहण के लिए कॉल आई थी, लेकिन उनका पहले से ही दिल्ली में प्रोग्राम तय है।
प्रदेश सरकार की लिस्ट के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हांसी और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पलवल में ध्वजारोहण करेंगे। सांसद धर्मबीर चरखी दादरी, नवीन जिंदल कैथल, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा अंबाला, सुभाष बराला नूंह, रामचंद्र जांगड़ा बादली, कार्तिकेय शर्मा बराड़ा और किरण चौधरी तोशाम में ध्वजारोहण करेंगी।
वहीं रेवाड़ी में मंत्री गौरव गौतम, कोसली में विधायक अनिल यादव और बावल में डॉ. कृष्ण कुमार ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुग्राम और राज्यपाल पंचकूला में ध्वजारोहण करेंगे।
भिवानी के तोशाम को बंशीलाल परिवार का गढ़ माना जाता है। बंशीलाल परिवार की 3 पीढ़ियां यहां से चुनाव लड़ चुकी हैं। किरण चौधरी 2019 में यहीं से विधायक बनी थी। किरण और श्रुति के भाजपा जॉइन करने के बाद भाजपा ने 2024 में श्रुति चौधरी टिकट दिया और किरण को राज्यसभा में भेजा था।
नायब सरकार ने श्रुति को जींद में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं किरण चौधरी तोशाम में ध्वजारोहण करेंगी। कार्तिकेय शर्मा और रामचंद्र जांगड़ा को भी अपने गृह जिलों में ही ध्वजारोहण की जिम्मेदारी दी है।

No comments :