हरियाणा में आज 27 जनवरी यानी मंगलवार को 10 जिलों में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। इनमें भिवानी, करनाल, पानीपत, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, नारनौल, अंबाला, यमुनानगर और झज्जर शामिल हैं। ओलावृष्टि से भिवानी, रोहतक, हिसार, यमुनानगर में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इससे फसलों को भी नुकसान पहुंचा।
वहीं, इन 10 जिलों के अलावा सोनीपत, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पंचकूला, नूंह में बारिश हुई। दोपहर बाद फरीदाबाद में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज दिन भर के लिए प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वह बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
उधर, हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने बताया कि ओलावृष्टि से गेहूं को अभी कोई खास नुकसान नहीं पहुंचेगा, क्योंकि अभी गेहूं के पौधे में बालियां नहीं आई हैं। अगर बालियां निकलने के बाद ओले गिरते तो नुकसान बढ़ सकता था। मगर, इस ओलावृष्टि से सरसों को नुकसान पहुंचेगा, क्योंकि सरसों में फूल और 50 प्रतिशत फलियां निकली हुईं हैं। ओले गिरने से इनके झड़ने का डर है।

No comments :