फरीदाबाद के एनआईटी थाना क्षेत्र के पांच नंबर स्थित एल-ब्लॉक में रविवार रात चोरों ने एक मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि घर के तीन सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और चोर दूसरे कमरे में अलमारी खोलकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार को सुबह तक चोरी की भनक तक नहीं लगी।
मकान मालिक अमित भाटिया ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे जब वह नींद से जागे तो देखा कि जिस कमरे में उनकी दोनों बेटियां सो रही थीं, उस कमरे की अलमारी खुली हुई थी और अंदर रखा सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। यह देखकर वह घबरा गए और तुरंत अपनी बेटियों को उठाकर पूरे घर की जांच की।
जांच के दौरान पता चला कि अलमारी में रखे करीब 12 तोला सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। अमित भाटिया ने बताया कि उनकी पत्नी रोज़ की तरह सुबह करीब 7 बजे नौकरी के लिए घर से निकल गई थीं। उस समय घर का केवल मेन गेट बंद था, जबकि दोनों कमरों के दरवाजे खुले हुए थे।
अमित भाटिया ने बताया कि घर के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन उनमें चोरों की कोई स्पष्ट तस्वीर नहीं दिखी। पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि गणतंत्र दिवस के चलते उनकी कंपनी में छुट्टी थी, इसी कारण वह रोज़ की तरह सुबह 6 बजे नहीं उठे। उन्होंने कहा कि चोर इतने शातिर थे कि घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी।
एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

No comments :