हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) में सेल्स टैक्स ऑफिसर लगवाने के एवज में फरीदाबाद के युवक के साथ 12 लाख रूपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। एनआईटी थाना पुलिस ने पीडित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
फरीदाबाद की गांधी कालोनी के रहने वाले सुरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि, उसकी बेटी का पति शुभम ने साल 2023 में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) में नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान इसी दौरान ग्रेटर फरीदाबाद निवासी मनोज से उनकी मुलाकात हुई। मनोज ने कहा कि उनका एक जानकार है, जो पब्लिक सर्विस कमीशन में काम करता है। वह शुभम का काम करवा सकता हैं।
सुरजीत के अनुसार मनोज उसको लेकर दिल्ली के फाइव स्टार होटल में गया। जहां पर उसकी मुलाकात विवेक त्रिपाठी नाम के शख्स से कराई गई। विवेक त्रिपाठी ने शुभम को सेल्स टैक्स ऑफिसर लगवाने के लिए 30 लाख रूपए की मांग की। उसने दावा किया कि इससे पहले तहसीलदार और उससे भी बड़े पद पर लोगों को लगवाया। सुरजीत की ओर से 30 लाख रुपए आरोपितों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
30 लाख देने के बाद आरोपी लगातार सुरजीत को टालते रहे। जब भी वह शुभम की नौकरी को लेकर बात करता था, कोई ना कोई बहाना बना दिया जाता। इसके बाद सुरजीत ने आरोपियों पर लगातार दबाव बनाना शुरू कर दिया । जिसके बाद साल 2024 में मनोज और विवेक ने 18 लाख रुपए वापस किए, लेकिन 12 लाख रुपए लौटाने से उन्होंने साफ मना कर दिया। वहीं रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगे।
इसके बाद सुरजीत की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई । पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

No comments :