फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सेहत पुर में डॉग को सड़क पर घुमाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के साथ मारपीट की गई और उस पर फावड़े से हमला किया गया। 100 फुट रोड सेहत पुर के घायल युवक आकाश के परिजनों के अनुसार, आकाश सुबह करीब 10 बजे घर के पीछे वाली सड़क पर डॉग को घुमा रहा था।
इसी दौरान पास में दुकानें बनवा रहे प्लॉट मालिक विशंभर ने आकाश को गालियां देते हुए वहां डॉग न घुमाने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि जब आकाश ने गालियों का विरोध किया, तो विशंभर ने अपने बेटों नरेन्द्र और धीरेंद्र को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों बेटों ने अपने साथियों के साथ मिलकर आकाश के साथ जमकर मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने आकाश के सिर पर फावड़े से वार किया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में आकाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

No comments :