हरियाणा में कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे को लेकर आज 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिले शामिल हैं।
इसके अलावा हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और चरखीदादरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है। इसी बीच गुरुग्राम में 100 करोड़ के फ्लैट वाली दी केमिलियाज सोसाइटी में रहने वाले एक बिजनेसमैन ने शुक्रवार की सुबह अपने फ्लैट से स्मॉग का नजारा दिखाया। स्मॉग और कोहरे को देखते हुए हुए गुरुग्राम प्रशासन वर्क फ्रॉम होम को तरजीह देने की अपील की है।
उधर, कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट चल रही है। इनमें हिसार में 14732 किसान एक्सप्रेस, रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर-दिल्ली एक्सप्रेस और 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस शामिल है। हिसार रोडवेज ने चंडीगढ़ रूट की दो बसें रद्द कर दी हैं। इसमें रात 11 बजे हिसार से चंडीगढ़ और सुबह 4 बजे हिसार से चंडीगढ़ जाने वाली बस शामिल है।
वहीं, फतेहाबाद में कोहरे के कारण एक क्रेटा कार माइनर में गिर गई। हिसार में भी एक कार चालक जीरी विजिबिलिटी होने के कारण झाड़ियों में जा घुसा। गनीमत रही कि उसके एयरबैग खुल गए, जिसकी वजह से जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। सिरसा में भी एक बाइक सवार स्कूल वैन से टकरा गया।

No comments :