फरीदाबाद जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला रजिस्ट्रार ऑफिस में असिस्टेंट पद पर तैनात राजीव गुप्ता को 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता अमरीक सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत में बताया गया था कि आरोपी असिस्टेंट किसी सोसाइटी के चुनाव करवाने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था और बिना पैसे लिए काम आगे नहीं बढ़ा रहा था।
ACB ने शिकायत की सत्यता की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ ट्रैप की योजना बनाई। तय समय पर शिकायतकर्ता आरोपी राजीव गुप्ता से मिलने पहुंचा, जहां उसने ACB टीम की मौजूदगी में 50 हजार की रकम आरोपी को सौंप दी। जैसे ही राजीव गुप्ता ने पैसा हाथ में लिया, ACB अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़ने के तुरंत बाद टीम ने आरोपी के हाथ पानी से धुलवाए, जिसके बाद कलर टेस्ट पॉजिटिव आया और यह साबित हो गया कि उसने रिश्वत की राशि स्वीकार की है। इसके बाद ACB ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी।

No comments :