//# Adsense Code Here #//
गुरुग्राम में नववर्ष से पहले अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारियों में लगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भौंडसी थाना क्षेत्र के बहलपा ग्रीन स्थित एक फार्महाउस पर छापा मारा। मौके से 16 विदेशी नागरिकों सहित कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान लाखों रुपए कैश, महंगी शराब और जुआ खेलने का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भौंडसी थाना टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि ELAGANT FARM B-2, बहलपा ग्रीन में फार्महाउस मालिक और प्रबंधन द्वारा विदेशी नागरिकों को एकत्र कर अवैध रूप से पार्टी आयोजित की जा रही है। पार्टी में शराब परोसी जा रही थी और जुआ खेला जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए फार्महाउस पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान विदेशी नागरिक तेज आवाज में डीजे बजाकर नाचते हुए पाए गए। कुछ लोग गोल मेज के चारों ओर बैठकर शराब पी रहे थे, जबकि अन्य ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को, जिनमें फार्महाउस पर तैनात बाउंसर भी शामिल थे, काबू कर लिया।

No comments :