हरियाणा सरकार ने राजस्व अधिकारियों (DRO) व तहसीलदारों को एचसीएस अफसर बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा को लेटर जारी किया है। इस लेटर में लिखा है कि एचसीएस के 12 पदों को भरा जाना है। इन 12 पदों में से तीन दिव्यांगजनों के लिए रिजर्व किए गए हैं। इन पदों पर मेरिट अनुसार पांच गुना नाम भेजे जाएंगे।
सबसे अहम बात यह है कि इस बार इन पदों को मुख्य सचिव ने 22 दिसंबर, 2017 के
मानदंड के अनुसार भरे जाने को कहा है। हालांकि, सरकार ने जब 2019 में डीडीपीओ-बीडीपीओ से एचसीएस के 11 पद भरे थे, तब प्रमोशन के मानदंड बदल दिए थे। ऐसे में संभावना है कि इस प्रकार की नियुक्तियों पर विवाद पैदा हो।
वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने मुख्य सचिव को सात अफसरों के नाम भेजकर विजिलेंस क्लीयरेंस मांगी है। इन एचसीएस पदों के लिए डीआरओ डॉ कुलदीप सिंह, डीआरओ चेतना चौधरी, डीआरओ तरुण सहोता, डीआरओ अभिषेक बिबियां, डीआरओ विजय कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार और तहसीलदार पुण्यदीप शर्मा का नाम शामिल है।

No comments :