HEADLINES


More

31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में आयोजित होंगी ‘विकसित भारत पदयात्राएं’ : मनोहर लाल

Posted by : pramod goyal on : Friday, 17 October 2025 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//


 फरीदाबाद, 17 अक्टूबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा MY Bharat के माध्यम से “विकसित भारत पदयात्राओं” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता की भावना तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना है। यह जानकारी केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज सेक्टर- 12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

 

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा MY Bharat पोर्टल पर किया गया। डिजिटल चरण के अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और Sardar@150 Young Leaders Program जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम के तहत चुने गए 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, और खासतौर पर युवाओं को राजनीति और लोकतंत्र में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के विज़न से प्रेरित है, जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित किया जा रहा है। खासकर “अमृत पीढ़ी” यानी आज के युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में, मंत्रालय ने 6 अक्टूबर 2025 को Sardar@150 Unity March का शुभारंभ किया, जो भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना का संदेश फैलाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने विभाजित भारत को एकजुट कर “एक भारत” की नींव रखी, उसी प्रेरणा को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। यह युवाओं को एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करेगी।

 

अभियान के संचालन के लिए दो मुख्य चरण किए तय

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि पहला चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत देशभर के जिलों में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इनसे पूर्व स्थानीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, स्वदेशी मेला तथा अन्य जन जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित होंगी। साथ ही स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 


उन्होंने कहा कि दूसरा चरण 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसमें 152 किलोमीटर की राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल जी के जन्म स्थान करमसद से लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक निकाली जाएगी। यात्रा मार्ग में 150 पड़ावों पर सरदार पटेल जी के जीवन पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक उत्सव और “सरदार गाथा” जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि इस ऐतिहासिक पहल के लिए सभी पंजीकरण MY Bharat पोर्टल (https://mybharat.gov.in/pages/unitymarch) पर किए जा रहे हैं। देशभर के युवाओं से आग्रह है कि वे इस अभियान में भाग लेकर “एक भारत, एकता का भारत” के संकल्प को सशक्त बनाएं और राष्ट्र निर्माण की इस प्रेरणादायी यात्रा का हिस्सा बनें।

 

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और बल्लभगढ़ से भाजपा अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़, सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली,  मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ट,  प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, भाजपा ज़िला महामंत्री शोभित अरोड़ा, भाजपा ज़िला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, भाजपा ज़िला कार्यालय सचिव राज मदान और जिला उपायुक्त विक्रम सिंह, एडीसी सतबीर मान, सीईओ जिला परिषद शिखा सहित जिला के तमाम आलाधिकारी भी सभागार में मौजूद रहे।


No comments :

Leave a Reply