फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात घरेलू विवाद के चलते पत्नी अपनी बेटी को लेकर घर से निकल गई। कुछ देर बाद महिला ने 14 वर्षीय बेटी के साथ गोछी ड्रेन के बड़े गंदे नाले में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद उसके पति और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल महिला की हालत स्थिर है।
जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार पांडे मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अपनी पत्नी मीरा देवी (उम्र 40 वर्ष) और बेटी सोनाक्षी (14 वर्ष) के साथ सब्जी खरीदने के लिए निकले थे। जैसे ही तीनों गोछी ड्रेन के पास पहुंचे, अचानक मीरा देवी ने अपनी बेटी को पकड़ा और नाले में छलांग लगा दी। इस दौरान अजीत कुमार कुछ कदम आगे चल रहे थे। पीछे से बेटी की चीख सुनकर जब उन्होंने मुड़कर देखा तो पत्नी-बेटी नाले के गंदे पानी में डूब रहे थे।
अजीत कुमार तुरंत नाले में कूदे और दोनों को बचाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मां-बेटी को बाहर निकाला गया। बेटी पूरी तरह सुरक्षित रही, लेकिन मीरा देवी गंदे पानी और घबराहट के कारण बेहोश हो गईं। दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत स्थिर बताते हुए कहा कि घबराहट के चलते वह बेहोश हो गई थीं और कुछ समय में होश आ गया।

No comments :