फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित HSVP ग्राउंड में गुरुवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं पर
अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “देश की आज़ादी को लेकर कुछ लोगों ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया, चाहे आजादी देर से ही क्यों न मिले। आज भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लाल बहादुर शास्त्री की मृत्यु कैसे हुई। 1971 के चुनावों के दौरान इंदिरा गांधी द्वारा रिगिंग की गई थी।”
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा, “मैं एक छोटे किसान का बेटा हूं, कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री बनूंगा। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कभी सपने में नहीं सोचा था कि वे प्रधानमंत्री बनेंगे। आज के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी एक साधारण परिवार से हैं, उन्होंने भी शायद नहीं सोचा होगा कि वे इस पद तक पहुंचेंगे। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।” उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए परिवारवाद को खत्म करना जरूरी है।
मनोहर लाल ने आगे कहा कि हम चाहते हैं लोकतंत्र में विपक्ष पार्टी भी रहे। राहुल गांधी हवा में उड़ते हैं, लेकिन जमीन पर पैर नहीं हैं। चुनाव तो जीत सकते नहीं और हम पर आरोप लगाते हैं कि वोट की चोरी कर ली। वोटर लिस्ट की स्क्रूटनी तो होनी ही चाहिए, ताकि पता चले कि कौन देश का नागरिक है कौन बाहर का है। उलटा चोर कोतवाल को डांटे। उनको तकलीफ इसलिए है क्योंकि जो विदेशी वोटर हैं अगर वो कटेंगे तो उनको नुकसान होगा। वोट चोरी तो कांग्रेस करती थी। सभी प्रदेशों के अंदर एसआईआर होगी।

No comments :