फरीदाबाद जिले के बीपीटीपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बीपीटीपी प्राइड पार्क लैंड सोसाइटी के PA ब्लॉक में मंगलवार सुबह एक भीषण आग की घटना से हड़कंप मच गया। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मकान नंबर 193, जो मीरा नामक महिला का है, में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्राथमिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ।
घटना सुबह करीब 7 बजे की है। सोसाइटी में ही रहने वाले दुष्यंत शर्मा ने बताया कि उन्होंने घर के अंदर से तेज धुआं उठते देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सोसाइटी के मेंटेनेंस ऑफिस, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में लपटें इतनी भीषण हो गई कि घर के बाहर से भी दिखाई देने लगी और घना धुआं चारों ओर फैल गया।
सोसाइटी के लोग तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। करीब 15 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के समय घर में एक बुजुर्ग महिला मौजूद थी, जो धुआं देखते ही सुरक्षित बाहर निकल आई। परिवार सुबह 6 बजे बद्रीनाथ यात्रा के लिए निकल चुका था।

No comments :