फरीदाबाद के गांव बसंतपुर के रिहायशी और चिरस गांव के खेतों में यमुना नदी का पानी घुस गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण बढ़ते जल स्तर से इन इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। पानी को लेकर पंचायतों के सरपंच, पंचायत सचिव और पटवारियों को पानी पर नजर रखने के आदेश डीसी विक्रम सिंह यादव की तरफ से दिए गए हैं।
पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश और यमुना के बढ़ते जलस्तर ने फरीदाबाद में निचले इलाकों में बसे लोगों की टेंशन एक बार फिर से बढ़ा दी है। दिल्ली ओखला बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिस कारण गांव बसंतपुर और गांव मंझावली के पास चीरस गांव पानी घुस गया है।
गांव बसंतपुर में 50 से ज्यादा मकानों के बाहर पानी भर गया है जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अभी तक किसी जनहानि नहीं हुई है। गांव चीरस में शुक्रवार की शाम से ही यमुना का पानी खेतों मे घुसना शुरू हो गया। जो खेतों से घूमकर वापस यमुना में जा रहा है।
सिंचाई विभाग एसडीओ अरविंद शर्मा ने बताया कि यमुना में भी 45 हजार क्युसेक के लगभग पानी बह रहा है। फरीदाबाद में हाई फ्लड लेवल 202.17 मीटर है यहां खतरे का निशान 200.60 मीटर है। यमुना में ओखला बैराज से 42006 क्यूसेक पानी छोड़ा है। पहले से ही यमुना पूरी तरह से भरकर चल रही है। इसके बाद पानी घेरे से बाहर बह रहा है। मंझावली, मोहताबाद, बेला, शेखपुर, घुड़ासन, घरोड़ा, अरुआ, चांदपुर के गांवों में खेतों में खड़ी फसल में जलभराव हो गया है। इसको लेकर आला अधिकारी यमुना का दौरा कर चुके हैं।

No comments :