बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शनिवार काे लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से तैयार भव्य ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, विधायक धनेश अदलखा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा और मेयर प्रवीण बत्रा सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ऑडिटोरियम का निर्माण बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इस ऑडिटोरियम का इस्तेमाल सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ के लोगों को अब बड़े स्तर पर कार्यक्रमों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी दी कि आने वाली 11 सितंबर को फरीदाबाद के सूरजकुंड में उत्तरी क्षेत्र परिषद की बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में अलग-अलग आठ राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। गोयल ने कहा कि यह फरीदाबाद के लिए गौरव की बात है कि इतनी बड़ी बैठक यहां आयोजित हो रही है।

No comments :