फरीदाबाद में शुक्रवार देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिस कारण ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में पानी भर गया है। इस कारण ट्रैफिक पुलिस ने इसे बंद कर दिया है। अंडरपास के गेट बंद करने के साथ पुलिस के जवानों की भी तैनाती वहां पर की गई है।
देर रात से लगातार हो रही बारिश के चलते जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। आज रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण बारिश में लोगों को आना-जाना पड़ रहा है। लोगों को भी पानी के बीच से निकलने में परेशानियां उठानी पड़ रही है। ऐसे में नेशनल हाईवे नंबर 19 से ओल्ड फरीदाबाद के जाने वाले रेलवे अंडरपास को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
अंडरपास में कई फुट तक पानी भर चुका है। जिसे लेकर यहां से वाहनों के आवागमन को बंद कर दिया गया है। किसी भी वाहन को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं दी जा रही है। काफी सारे वाहन चालकों को यहीं आकर पता चल रहा है कि अंडरपास बंद कर दिया गया है। जिसके बाद चाहे गाड़ी हो या बाइक सभी को रोक दिया गया है। अंडरपास के दोनों तरफ गेट को बंद कर दिया गया है।

No comments :