फरीदाबा। सारन गांव, जवाहर कॉलोनी में बार बार पांच पांच दिन पानी सप्लाई बंद कर दिया जाता है। पार्षद, एम एल ए, हरियाणा सरकार के मंत्री और भारत सरकार के चुनाव क्षेत्रों में उनके निवास स्थान भी है, वहां सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रखी जाती है। जहां आम जनता और मजदूर वर्ग, मध्यम वर्गीय परिवारों के घर है जो बहुसंख्यक समुदाय बहुसंख्यक वोटिंग करके इन्हें इस विश्वास से बनाते हैं कि हमारे कष्ट दूर करेंगे, परन्तु इस वर्ग को जरूरी नागरिक सुविधाओं से वंचित रखा जाता है। पैसे से खरीदी करके भी पानी उपलब्ध नहीं है। ऊपर से सालाना त्योहार है, साफ सफाई भी नहीं हो सकती। पीने को पानी खरिदने को मजबूर हैं। सूर्य देव त्यागी, अध्यक्ष, हिंद मजदूर सभा हरियाणा का कहना है कि असुविधाओं के कारण अप्रवासी मजदूरों ने शहर से पलायन भी शुरू कर दिया है। कारखाने भी बिना मजदूरों के चलाने मुश्किल है। नेताओं से जब जनता त्राहि-त्राहि होकर सूचना देकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं तो नेताओं से गैर जिम्मेदाराना बयान सुन कर खून के आंसू रो रही है। इस बार इन्हें मजा चखाया जायेगा, सभी का अभियान ढीला कर दिया जायेगा।
फरीदाबाद, 3 नवंबर: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के एनएसएस प्रकोष्ठ द्वारा जिला युवा कल्याण कार्यालय, फरीदाबाद के सहयोग से आज "मेरा भारत – विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें" का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मतदान के महत्व, चुनावी भागीदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने में एक जागरूक नागरिक के रूप में उनके उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अजय रँगा
मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रदीप कुमार डिमरी, संस्थान अधिष्ठाता प्रो. मुनीश वशिष्ठ, एनएसएस समन्वयक डॉ. आत्मा राम, जिला यूथ आइकन तंशिका राज और जिला युवा अधिकारी प्रियंका दलाल भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रदीप कुमार डिमरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चुनावी जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को अपने मताधिकार एवं जिम्मेदारियों को समझने तथा एक मजबूत और जीवंत लोकतंत्र के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
फरीदाबाद की जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रियंका दलाल ने भी लोकतांत्रिक संस्थाओं में मतदाता जागरूकता और युवाओं की भागीदारी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्रों को जिम्मेदार मतदाता बनने और अपने परिवारों तथा समुदायों में मतदान के मूल्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
जिला यूथ आइकन तंशिका राज ने अपने संबोधन के माध्यम से युवा प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सोच-समझकर चुनावी निर्णय लेने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन 'लोकतांत्रिक शपथ' के साथ हुआ। इस कार्यक्रम ने चुनावी अधिकारों, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों और विकसित भारत के दृष्टिकोण को हासिल करने में युवा नागरिकों की भूमिका के बारे में बातचीत और जागरूकता का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन जेसी बोस विश्वविद्यालय की एनएसएस सेल और जिला युवा कल्याण कार्यालय, फरीदाबाद के संयुक्त प्रयासों से हुआ।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग हुई। इसमें फैसला लिया गया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर विधानसभा का एक दिवसीय स्पेशल सेशन बुलाया जाएगा।
CM नायब सैनी ने कहा- कैबिनेट मीटिंग में कुल 7 एजेंडे रखे गए थे। सभी एजेंडों पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। विदेश भेजने के नाम पर युवाओं से ठगी रोकने के लिए ट्रैवल एजेंटों का रजिस्ट्रेशन जरूरी करने, नई लैंड पूलिंग पॉलिसी-2026 लागू करने और अधिसूचित ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR) पॉलिसी में संशोधन को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने हरियाणा ट्रैवल एजेंट पंजीकरण एवं विनियमन नियम, 2026 को मंजूरी दी है। इनका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को धोखाधड़ी करने वाले ट्रैवल एजेंटों, अवैध विदेश भर्ती, मानव तस्करी और 'डंकी रूट' जैसी अवैध गतिविधियों से बचाना है।
CM सैनी ने बताया कि ट्रैवल एजेंसी का व्यवसाय करने वाले सभी नए और पहले से कार्यरत एजेंटों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। प्रत्येक नए कार्यालय या शाखा के लिए अलग रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके अलावा पासपोर्ट सेवाएं, टूर एवं ट्रैवल एजेंसी सेवाएं, स्टडी वीजा कंसल्टेंसी और टिकटिंग सेवाओं सहित प्रत्येक सेवा श्रेणी के लिए भी अलग रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा।
पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी 30 दिनों के अंदर प्रमाणपत्र जारी करेगा। यह प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा। रजिस्टर्ड ट्रैवल एजेंटों की जिला-वार लिस्ट और उनके प्रमाणपत्र अंत्योदय सरल पोर्टल के साथ गृह विभाग एवं पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
कैबिनेट ने नई लैंड पूलिंग पॉलिसी-2026 को मंजूरी दी है। CM सैनी ने बताया कि इस नीति का उद्देश्य विकास परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाना है। नई नीति के तहत स्वीकृत लेआउट प्लान के अनुसार परियोजना के कुल बिक्री योग्य क्षेत्र का 50% हिस्सा जमीन मालिकों को और बाकी 50% विकास एजेंसी को मिलेगा।
जमीन मालिकों के हिस्से में पात्रता के अनुसार कुछ हिस्सा कॉमर्शियल साइट के रूप में दिया जाएगा। उन्हें मिलने वाले विकसित प्लॉट का न्यूनतम आकार भी तय किया गया है। इसके तहत आवासीय प्लॉट 100 वर्ग मीटर, संस्थागत प्लॉट 500 वर्ग मीटर और औद्योगिक प्लॉट 250 वर्ग मीटर का होगा।
लैंड एंटाइटलमेंट सर्टिफिकेट रखने वाले लोग अपने प्रमाणपत्रों को आपस में जोड़कर बड़े आकार के विकसित प्लॉट के लिए मिलकर आवेदन कर सकेंगे। जमीन मालिकों को अंतरिम आर्थिक सहायता के रूप में प्रति एकड़ हर साल 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। यह राशि जमीन में उनके योगदान के अनुपात में सेल डीड के पंजीकरण की तारीख से 4 साल तक दी जाएगी।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलो 320 ग्राम गांजे सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 01 नवम्बर को क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीलपत रोड, पल्ला के पास से दो आरोपियों को 21.320 किलोग्राम गांजे सहित काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार व अंकित कुमार, निवासी बाबूगढ़ी, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पल्ला में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और करीब 1.5 लाख रुपये में गांजा खरीदकर फरीदाबाद में बेचने के लिए लाए थे। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गांजे की खरीद-फरोख्त के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसपीसी (स्टूडेंट पुलिस कैडेट) कार्यक्रम के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 02 नवम्बर 2026 को निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद ने फिरोजपुर चंदेला विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डायल-112 आपातकालीन सेवा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल-112 पर कॉल की जा सकती है। साथ ही विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने दीपावली के पावन पर्व पर विद्यार्थियों से पटाखे न जलाने की अपील करते हुए बताया कि पटाखों से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण होता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, पशु-पक्षियों तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पटाखे न जलाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजरुद्दीन निवासी गांव पायला कलां, जिला बालोतरा, राजस्थान तथा शिवम निवासी गांव इंदराई, जिला फिरोजपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मामला 1: फोन हैक कर महिला के खाते से निकाले थे 1,26,701 रुपये, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 5 अक्टूबर को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया, जिसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,26,701 रुपये निकल गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी अजरुद्दीन निवासी गांव पायला कलां, जिला बालोतरा, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था, जिसमें ठगी की 98,701 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला 2: इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील देखकर महिला हुई ठगी का शिकार, 32,680 रुपये ठगे
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विष्णु कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 15 अक्टूबर को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। इसी दौरान उसे स्टेच्यू बनाने से संबंधित एक रील दिखाई दी। रील के नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसकी व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत शुरू हो गई। ठगों ने उसे स्टेच्यू बनवाने का झांसा देकर विश्वास में लिया और अलग-अलग तरीकों से उससे 32,680 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी शिवम निवासी गांव इंदराई, जिला फिरोजपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले गिरफ्तार खाताधारक रमन का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों तक पहुंचाया था, जिसमें ठगी की 32,680 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा।
फरीदाबाद पुलिस की अपील: किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा जुआ खेलने व खिलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर NIT-5 स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर चल रहे जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 1,38,45
0 रुपये नकद व ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-16 की पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मणी पठानिया वासी मकान नंबर 5D/122, NIT-5 फरीदाबाद अपने मकान में अन्य लोगों को बुलाकर जुआ खिलवा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने नियमानुसार मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
मकान की तीसरी मंजिल पर 8 व्यक्ति रुपये रखकर ताश के पत्तों से जुआ खेलते पाए गए रहे थे। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी को काबू कर लिया। जिनकी पहचान यश चड्ढा वासी बसंत कुंज नई दिल्ली, अनमोल बेरी वासी लाजपत नगर नई दिल्ली, कार्तिक वासी तुगलकाबाद दिल्ली,रचित कक्कड़ वासी गुरुहर किसन नगर, पश्चिम विहार नई दिल्ली, मनी पठानिया उर्फ अजितेश्वर वासी Nit 5 फरीदाबाद, अंकुर टंडन वासी सेक्टर 31, गुरुग्राम,हिमेश वासी नहर पार फरीदाबाद व नवदीप सिंह सेठी वासी पश्चिम पंजाबी बाग नई दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने मौका से कुल 1,38,450 रुपये नकद तथा ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। मामले में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखाओं की टीमों ने वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों को सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा ऊंचा
गांव की टीम ने थाना मुजेसर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अमन श्रीवास्तव निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद को संत सूरदास मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
वहीं, अपराध शाखा भूपानी की टीम ने थाना एसजीएम नगर में दर्ज वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए विशाल उर्फ छोटू निवासी भारत कॉलोनी को सेक्टर-29 पुल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपित विशाल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों की बिक्री एवं भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 और अपराध शाखा बॉर्डर की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 166.683 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा
सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सोनू निवासी मेन मार्केट, मोहना अपनी दुकान के पीछे बने एक खंडहर में अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम करता है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपित सोनू को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से 41.450 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए।
वहीं, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गाड़ी में प्रतिबंधित पटाखे भरकर बजरंग चौक के पास बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित विकास निवासी सराय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 125.233 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए।
फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण सहित गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










