HEADLINES


More

खरना के साथ कठिन व्रत की शुरुआत, कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 14 November 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। शनिवार को खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही छठ व्रत का कठिन निर्जला चरण शुरू हो गया। घरों से लेकर पूजा स्थलों तक छठी मइया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। पूर्वांचल समाज के लोग महापर्व की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटे हैं।



अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने छठ व्रतियों एवं देशवासियों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति की ऐसी अनूठी परंपरा है, जो हमें प्रकृति, परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराती है। भगवान सूर्यदेव की उपासना के माध्यम से मानव जीवन में ऊर्जा, स्वास्थ्य और सकारात्मकता का संदेश मिलता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है। सभी जातियों, वर्गों और समुदायों के लोग एक साथ मिलकर पूजा की तैयारियां करते हैं। घाटों की सफाई से लेकर प्रसाद और पूजा सामग्री की व्यवस्था तक लोग एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। यही भावना भारतीय समाज की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाती है।

डॉ. मोहन तिवारी ने बताया कि वह पिछले लगभग 12 से 14 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का व्रत करते आ रहे हैं। उनके लिए यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ आत्मिक अनुशासन, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि छठ पूजा के दौरान नदियों, तालाबों और घाटों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। पूजा सामग्री और प्लास्टिक को जलस्रोतों में न डालें तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें।

उन्होंने बताया कि रविवार, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा और सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। 

No comments :

Leave a Reply