//# Adsense Code Here #//
*फरीदाबाद:* फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुरानी कहासुनी की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की गाड़ी पर फायरिंग करने और डंडों से हमला करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करण, पुनीत और गुरमीत निवासी जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार विजय नगर, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने थाना सारन में शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर 2026 को उसकी करण और नोनी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस विवाद को सुलझाने के बहाने उसे जवाहर कॉलोनी, एनआईटी फरीदाबाद बुलाया गया। शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ गाड़ी में वहां पहुंचा तो नोनी, करण और उनके अन्य साथी पहले से ही हथियारों व डंडों से लैस होकर मौजूद थे। आरोपितों ने शिकायतकर्ता की गाड़ी पर फायरिंग की और डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए करण, पुनीत और गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि 25 अक्टूबर को करण और नोनी की शिकायतकर्ता के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने शिकायतकर्ता को जवाहर कॉलोनी बुलाया और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी गाड़ी पर फायरिंग व डंडों से हमला किया था। गिरफ्तार तीनों आरोपित आपस में दोस्त हैं।
पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में पूछताछ कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

No comments :