//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद 5 नवंबर - वाईएमसीए वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू ने विश्वविद्यालय प्रशासन की दोहरी नीतियों के खिलाफ आज गेट मीटिंग की। इसकी अध्यक्षता प्रधान लेखराज ने की। इस मीटिंग को सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने संबोधित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महानिदेशक तकनीकी शिक्षा विभाग
हरियाणा के द्वारा अपने पत्र क्रमांक 5637 दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को
एच के आर एन एल के तहत कार्यरत कर्मचारियों को शनिवार के दिन अवकाश प्रदान करने बारे पत्र जारी किया है। लेकिन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के निजी सहायक राजदीप इस पत्र की व्याख्या गलत तरीके से करके प्रशासन को गुमराह कर रहा है। जबकि विश्वविद्यालय में 203 एच के आर एन एल के कर्मचारी कार्यरत हैं। उन में से केवल 50 कर्मचारियों को ही शनिवार को ड्यूटी करने के लिए बुलाया जा रहा है। 148 कर्मचारियों को छूट दे रखी है। इनको शनिवार को ड्यूटी पर नहीं बुलाया जाता है। इसलिए कर्मचारियों में विश्वविद्यालय प्रशासन की दोहरी कार्य प्रणाली से भारी नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने कहा कि एक ही विश्वविद्यालय में दो प्रकार के कानून लागू नहीं हो सकते हैं। पत्र में किए गए प्रावधान के अनुसार संबंधित संस्थान में एच0के0आर0एन0एल0 के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को यदि किसी शनिवार को कोई महत्वपूर्ण कार्य , पूर्व निर्धारित कार्यक्रम ,अथवा समयबद्ध कार्य लंबित / निर्धारित ना हो तो उस दिन संस्थान में उपस्थित होने हेतु अनिवार्य ना किया जाए। इस तरह के स्पष्ट आदेश दिए जाने के बावजूद भी कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। इसके विरोध में यूनियन ने आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आगामी 15 नवंबर को यूनिवर्सिटी के गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 1-3 दिसंबर को सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन के आवाहन पर केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ हजारों वर्कर दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में तीन दिन का महा पड़ाव डालेंगे। और इस संसद कूच में फरीदाबाद, से वाईएमसीए के कर्मी भी भाग लेंगे। इस गेट मीटिंग को दीपक ने भी संबोधित किया।

No comments :