HEADLINES


More

पुलिस की पाठशाला’ के माध्यम से 700 विद्यार्थियों को दिया सुरक्षा और जागरूकता का संदेश

Posted by : pramod goyal on : Tuesday, 17 November 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा स्कूलों में चलाए जा रहे ‘पुलिस की पाठशाला’ अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भूपानी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना भूपानी एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की संयुक्त टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 700 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें समझाया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि जीवन में सही संगति और सही निर्णय ही उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।

साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि इंटरनेट पर थोड़ी सी लापरवाही भी आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए OTP, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की शिकायत तुरंत करें।

महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के संबंध में छात्राओं

को दुर्गा शक्ति ऐप और डायल 112 की उपयोगिता समझाई गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, असुरक्षा या आपातकालीन परिस्थिति में चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस की सहायता लें। पुलिस टीम ने उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।


इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए बाइक या कार से खतरनाक स्टंट करना अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने जैसा है। सड़क पर स्टंटबाजी न करें, यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार वाहन चालक बनें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में ERV-167 के इंचार्ज जय भगवान सहित सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम मौजूद रही। विद्यालय प्रशासन ने फरीदाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

फरीदाबाद पुलिस का संदेश: युवाओं को नशे से दूर रखना, उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सचेत करना और महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना एक सुरक्षित एवं बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फरीदाबाद पुलिस भविष्य में भी विद्यार्थियों के बीच ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करती रहेगी।

No comments :

Leave a Reply