फरीदाबाद के सेक्टर-76 स्थित बीपीटीपी पार्क फ्लोर-2 में बिल्डर और निवासियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मेंटेनेंस शुल्क में बढ़ोतरी और सोसायटी में सुविधाओं की कमी से नाराज लोगों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निवासी पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे हैं। रविवार को भी लोगों ने सोसायटी से पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिल्डर प्रोजेक्ट का पूरा काम कराए बिना ही सोसायटी का हैंडओवर करना चाहता है। लोगों के मुताबिक, पार्किंग, बिजली और ग्रीन एरिया जैसी बुनियादी सुविधाएं अभी तक पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उनका आरोप है कि ओसी में निर्धारित 18 मानकों को भी पूरा नहीं किया गया है। इससे सोसायटी में रह रहे 600 से ज्यादा परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
आरडब्ल्यूए प्रधान पवन शर्मा, आयुष आर्य, सुमित कंबोज और एसपी सिंह ने बताया कि पूरा प्रोजेक्ट करीब 24 एकड़ में फैला है, जबकि सोसायटी का निर्माण लगभग 11 एकड़ जमीन पर ही किया गया है। बाकी जमीन के संबंध में बिल्डर की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।
निवासियों ने ग्रीन एरिया की कमी और बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि सोसायटी का स्वीकृत लोड चार एमवीए है, लेकिन फिलहाल केवल एक एमवीए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके चलते लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।

No comments :