//# Adsense Code Here #//
दीपावली और छठ पूजा पर मिठाई, दूध, पनीर और खोया की बढ़ती खपत के बीच हरियाणा सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के
लिए निगरानी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
प्रत्येक जिले में 100 से 150 अतिरिक्त खाद्य नमूने लिए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की निगरानी में विशेष खाद्य निगरानी दल गठित किए जाएंगे। लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर घटिया और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर विशेष निगरानी दल बनाने को कहा गया है। ये दल प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, दूध विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबार परिसरों का निरीक्षण करेंगे। अभियान के दौरान मिठाई, दूध, पनीर, खोया, घी सहित रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली खाद्य वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विशेष निगरानी दल नियमित रूप से लिए जाने वाले नमूनों के अतिरिक्त प्रति जिले 100 से 150 सर्विलांस नमूने लेंगे। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा। उनकी रिपोर्ट और कार्रवाई की नियमित समीक्षा होगी। खाद्य सुरक्षा मुख्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घटिया गुणवत्ता वाले और असुरक्षित पाए गए खाद्य नमूनों का ब्योरा हर सप्ताह विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इससे जिलेवार प्रगति और कार्रवाई की निगरानी की जा सकेगी।
No comments :