HEADLINES


More

डिप्टी मेयर चुनाव पर तीसरी बार मंथन: फरीदाबाद में कई घंटे चली बैठक,दोनों खेमों ने दो-दो दावेदारों के नाम सुझाए

Posted by : pramod goyal on : Monday, 26 October 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर भाजपा में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सोमवार को सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय अटल कमल में दोनों पदों के लिए नाम तय करने के संबंध में कई घंटे तक बैठक चली। प्रदेश सरकार की ओर से नामों पर सहमति बनाने के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल, विधायक घनश्याम अरोड़ा और पूर्व मेयर अवनीत कौर को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के खेमे के पार्षद शामिल हुए।

बैठक के दौरान सरकार की ओर से आए प्रतिनिधिमंडल ने पार्षदों से दोनों पदों के लिए उनकी पसंद और दावेदारों को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए दो-दो नाम सामने आए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समर्थक पार्षदों ने पहले से चर्चा में चल रहे नामों की सिफारिश की, जबकि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के खेमे की ओर से नए नाम दिए गए। हालांकि, अभी किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।

बैठक में पार्षदों की राय और दावेदारों के नामों को शामिल करते हुए पूरी रिपोर्ट भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को सौंपी जाएगी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व स्तर पर विचार-विमर्श कर दोनों पदों के लिए नामों की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही इस संबंध में फैसला ले सकती है।


दोनों पदों के चयन को लेकर इससे पहले भी प्रयास हो चुके हैं। 11 अगस्त 2025 को नगर निगम सदन की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन आवश्यक राजनीतिक सहमति नहीं बनने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद अप्रैल 2026 में तत्कालीन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को पार्षदों के बीच सहमति बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उस बैठक में कृष्णपाल गुर्जर समर्थक पार्षद शामिल नहीं हुए थे। 33 पार्षदों की मौजूदगी के बावजूद दोनों पदों के नाम तय नहीं हो पाए।

No comments :

Leave a Reply