पंचकूला के सरकारी स्कूल में KG की 6 वर्षीय छात्रा पर तीसरी क्लास के 8 साल के छात्र के हमले के बाद मामला गंभीर हो गया है। शनिवार दोपहर को घटना से नाराज पेरेंट्स की भीड़ स्कूल के बाहर जमा हो गई और हंगामा करने लगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी की।
पेरेंट्स का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। दूसरे बच्चे काफी डरे हुए हैं। मामले को दबाया जा रहा है। हंगामा बढ़ता देख स्कूल प्रशासन ने स्कूल का मुख्य गेट बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पेरेंट्स को समझाने का प्रयास किया।
वहीं, हरियाणा मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा भी स्कूल पहुंच गए। हरियाणा बाल अधिकार आयोग ने भी मामले पर खुद संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति हरिपाल श्योराण PGI पहुंचीं और बच्ची का हाल जाना।
उधर, पीजीआई के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची पर ईंट से वार किए गए थे। उसके चेहर पर चोट है और नाक की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची के परिजनों की शिकायत मिल गई है। आरोपी छात्र नाबालिग है। इसलिए पुलिस ने डॉक्टरों और मनोवैज्ञानिकों से इस मामले में राय मांगी है।

No comments :