HEADLINES


More

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में ‘सत्रारंभ-2026’ इंडक्शन प्रोग्राम का समापन

Posted by : pramod goyal on : Thursday, 8 October 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 8 अक्टूबर। जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम ‘सत्रारंभ-2026’ का उत्साह एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, संसाधनों, अनुसंधान अवसरों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं संस्थागत मूल्यों से परिचित कराना था।

समापन समारोह में कुलगुरु  प्रो. संजय कौशिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलगुरु  प्रो. कौशिक ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा अकादमिक अनुशासन, उत्कृष्टता और नवाचार के महत्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर नए कौशल सीखने तथा उभरती तकनीकी एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी क्षमताओं को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव प्रो. अजय रँगा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके सफल शैक्षणिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात डॉ. अनुराग प्रकाश सुंडा ने तीन दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इससे पूर्व, कार्यक्रम की संयोजक प्रो. अनुराधा शर्मा एवं डॉ. रेणुका गुप्ता ने आमंत्रित वक्ताओं का स्वागत किया। समापन दिवस

की शुरुआत भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुज आर्य के विशेषज्ञ व्याख्यान से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण अकादमिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ वैदिक विज्ञान का परिचय दिया और ज्ञान एवं सीखने के प्रति व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात साहित्य एवं भाषा विभाग की प्रो. दिव्यज्योति ने साहित्य एवं भाषा पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में भाषा एवं साहित्य के महत्व को रेखांकित किया तथा अकादमिक जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अकादमिक सत्रों के बाद विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं एवं अवसरों से परिचित कराने के लिए संस्थागत प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। मूक्स समन्वयक डॉ. मंजू कुमारी ने विद्यार्थियों को मूक्स प्लेटफॉर्म, डिजिटल लर्निंग संसाधनों एवं विश्वविद्यालय में उपलब्ध कंप्यूटर सुविधाओं की जानकारी दी। उप-कुलसचिव (परीक्षा) श्री सचिन गुप्ता ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली एवं परीक्षा पैटर्न के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
आरएंडडी सेल के उप निदेशक डॉ. दीपांश शर्मा ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध अनुसंधान सुविधाओं एवं संभावित शोध अवसरों की जानकारी दी। वहीं, पर्यावरण विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणुका गुप्ता ने विश्वविद्यालय की वृक्षारोपण एवं वृक्ष देखभाल नीति के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के लिए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
विद्यार्थी फीडबैक सत्र के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों एवं प्रमुख सीख को साझा किया।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय के नटराज एवं सृजन सांस्कृतिक क्लबों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता के साथ-साथ विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक विविधता को भी प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में गणित विभाग की डॉ. निशा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं सामूहिक समूह-चित्र के साथ ‘सत्रारंभ-2026’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

No comments :

Leave a Reply