HEADLINES


More

200 किलो गंधक व 2296 किलो पोटैशियम नाइट्रेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 3 October 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली करीब 200 किलोग्राम गंधक और 2296 किलोग्राम पोटैशियम नाइट्रेट बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


पुलिस प्रवक्ता अनुसार 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम बल्लभगढ़ अनाज मंडी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुकेश कॉलोनी में एक व्यक्ति ने एक कमरे में बड़ी मात्रा में गंधक और पोटैशियम नाइट्रेट अवैध रूप से रखा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर के नजदीक से काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत निवासी मुकेश कॉलोनी, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसके बताए स्थान पर स्थित कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से करीब 200 किलो गंधक और 2296 किलो पोटैशियम नाइट्रेट बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह उक्त सामग्री हाथरस, उत्तर प्रदेश से पटाखों के लिए लेकर आया था। पुलिस द्वारा सामग्री की खरीद, आपूर्ति और इसके संभावित इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच के दौरान आरोपी का कोई पुराना अपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत से 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर, उससे सामग्री के स्रोत, इसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों तथा अन्य तथ्यों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। 

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि, संदिग्ध सामग्री के भंडारण अथवा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

आमजन फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200, डायल-112 अथवा नजदीकी थाना/चौकी पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।


No comments :

Leave a Reply