गुरुग्राम के सेक्टर 17-18 में बने नव निर्मित पुलिस थाने का उद्घाटन करने पहुंचे हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर गन उठाएगा या आम जनता में दहशत फैलाने की कोशिश करेगा, तो पुलिस भी इसका जवाब गन से ही देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष एटीएस (एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड) थानों की स्थापना की गई है, जिसमें पंचकुला और गुरुग्राम के विशेष थाने शामिल हैं।
डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि अगले एक साल में हरियाणा पुलिस में 20 हजार से ज्यादा नई भर्तियां की जाएंगी। प्रदेश में नए पुलिस थानों और पुलिस लाइनों के निर्माण के लिए हरियाणा सरकार की ओर से 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट उपलब्ध कराया गया है। अगले दो वर्षों में यह बजट बढ़कर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।
साइबर फ्रॉड को एक नई चुनौती और सीमाहीन अपराध बताते हुए डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस साइबर अपराध से निपटने में देश भर में अग्रणी काम कर रही है। राज्य पुलिस के रिकवरी और अकाउंट ब्लॉकिंग रेट को देश में सबसे बेहतर बताते हुए उन्होंने करनाल का एक उदाहरण साझा किया।

No comments :