फरीदाबाद की पृथला विधानसभा में पहुंचे हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जिन राज्यों में सत्ता में रही, वहां जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति की गई।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी के संगठन के खिलाफ बड़े स्तर पर दुष्प्रचार किया गया। अब पार्टी के कार्यकर्ता इसका जवाब देने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में आई कमियों को दूर करने के लिए काम किया जा रहा है।
2029 तक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। दुष्यंत ने दावा किया कि 2029 में उनकी पार्टी का जो भी उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेगा, वह एकतरफा जीत दर्ज कर इतिहास रचेगा।
दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव नहीं होने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कोविड के बाद से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव दोबारा नहीं कराए गए हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कई सीटों पर जीत-हार का अंतर बहुत कम रहा। उन्होंने हरियाणा और दूसरे विश्वविद्यालयों में भी छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की।
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी के विवादों तथा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े संदर्भों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के फैसलों में राजनीतिक प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग वही कदम उठाता है, जो भारतीय जनता पार्टी के हित में हों।

No comments :