फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में देर रात सरिया-कांटा हटाने को लेकर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। बहस बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान गली में करीब 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना है। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गली में सरिया-कांटा हटाने को लेकर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच पहले बहस हुई। इसके बाद दुकानदार ने कई लोगों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि यहां पहुंचे लोगों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। विवाद के दौरान गली में खड़ी 3 से 4 गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी गई।
इसी दौरान कुछ लोगों ने गली में करीब 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद दुकानदार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फायरिंग करने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फायरिंग और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

No comments :