HEADLINES


More

कर्मचारी ने दुकान से 209 ग्राम सोना व 3 लाख रुपये किए थे चोरी, पुणे से किया गिरफ्तार

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 12 September 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: थाना एनआईटी क्षेत्र में ज्वैलरी पर हॉलमार्क (HUID) करने वाली दुकान से 209 ग्राम सोना व 3 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में थाना कोतवाली की टीम ने दुकान पर काम करने वाले आरोपित संतोष निवासी जिला सांगली, महाराष्ट्र को पुणे, महाराष्ट्र से 9 सितम्बर को गिरफ्तार कर तीन दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया था।


पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता दादासो यमगर निवासी एनआईटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मार्किट नंबर-1 में HUID सेंटर चलाते हैं। आरोपित संतोष उनकी दुकान पर काम करता था तथा दुकान पर ही रहता था। दुकान व तिजोरी की चाबी भी उसके पास रहती थी। 4 सितम्बर की रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन संतोष का मोबाइल बंद मिला और दुकान के CCTV कैमरे भी बंद थे। दुकान पर पहुंचने पर तिजोरी खुली मिली, जिसमें से 209 ग्राम सोना व 3 लाख रुपये नकद गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपित संतोष शिकायतकर्ता के गांव का ही रहने वाला है और पिछले करीब सात माह से दुकान पर काम कर रहा था। वह दुकान पर ही रहता था। 4 सितम्बर की रात आरोपित सोना व नकदी चोरी कर पुणे स्थित अपने एक जानकार के पास चला गया था। आरोपित ने चोरी की गई नकदी से कुछ और आभूषण खरीद लिए थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित की निशानदेही पर चोरी किया गया 209 ग्राम सोना, चोरी की नकदी से खरीदे गए आभूषण तथा 9,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद आरोपित को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


No comments :

Leave a Reply