फरीदाबाद, 09 अगस्त 2026। हरियाणा को “नशा मुक्त प्रदेश” बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) द्वारा नशा तस्करों एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी अभियान के तहत HSNCB की फरीदाबाद यूनिट ने गांव फतेहपुर बिल्लौच, थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) श्री संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राजेन्द्र कुमार मीणा, IPS के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान को और तेज किया गया है। ब्यूरो द्वारा नशे की सप्लाई चेन, तस्करों एवं नशीली दवाओं के अवैध नेटवर्क पर लगातार पैनी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यूनिट के इंचार्ज निरिक्षक संग्राम सिंह ने बताया की यूनिट के उप निरिक्षक जसबीर सिंह टीम के साथ थाना सदर बल्लभगढ़ के एरिया मे नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु गस्त पर थे। उप निरीक्षक को गुप्त सूचना मिली की आरोपी प्रवीन कुमार पुत्र मुरारी लाल निवासी नियर होली चौक गाँव फतेहपुर बिल्लोच थाना सदर बल्बगढ़ फरीदाबाद अपने घर और घर के सामने बनाए हुए गोदाम तथा मैडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित नशीली दवाईयाँ बेचने का काम करता है। अगर फोरी रेड की जाये तो प्रवीन कुमार नशीली दवाईयों सहित काबू आ सकता है। टीम ने सूचना पर तर्वित कार्यवाही करते हुए आरोपी नशा तस्कर को काबू कर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6,246 Alprazolam Tablets, 109 Tramadol Capsules, 125 Tramadol Tablets और 386 Tramadol Injections समेत भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। बरामद नशीली दवाओं को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अवैध नशीले पदार्थ रखने के संबंध में FIR No. 243 दिनांक 09.08.2026 के तहत धारा 22(C), 61-85 NDPS Act में थाना सदर बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीली दवाएं उसे कहां से प्राप्त हुईं, इनकी सप्लाई कहां की जानी थी तथा इस अवैध नशा कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की भूमिका क्या है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे की बिक्री, तस्करी, सप्लाई या नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933, HSNCB हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 अथवा NCB MANAS पोर्टल – ncbmanas.gov.in पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।


No comments :