फरीदाबाद सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में मंदिर के पास पुजारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुजारी का शव मंदिर के पीछे आगरा नहर किनारे जंगल में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया।
पुलिस ने पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात कही है। हालांकि, पुलिस अभी मौत के कारणों को लेकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया है कि ओम प्रकाश यादव पिछले करीब एक साल से इसी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर पुजारी की हत्या हो गई।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-31 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। सराय एसीपी संदीप मोर ने बताया कि पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत चोट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

No comments :