फरीदाबाद में 500 रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। साथ काम करने वाले युवक ने शराब के नशे में पहले बीयर की बोतल उसके सिर में फोड़ी। इसके बाद कांच गले में घोंप दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। NIT थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी सागर (26) के रूप में हुई है। वह आरोपी कालू के साथ चेन-कुप्पी (भारी सामान उठाना) का काम करता था। कालू भी गांधी कॉलोनी का ही रहने वाला है। कालू ठेकेदार है और सागर उसके साथ मजदूरी करता था।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे सागर और कालू रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शराब पीने के दौरान सागर ने कालू से अपने 500 रुपए मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़कर झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि झगड़े के दौरान कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर मारकर फोड़ दी। इसके बाद आरोपी ने टूटी हुई बोतल के कांच से सागर के गले और पेट पर वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के बाद सागर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद परिजन घायल सागर को इलाज के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सागर के गले में कांच लगने से नसें कट गई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

No comments :