//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद,19 अगस्त। जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया तकनीक विभाग द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर 'क्रिएटिव प्रोडक्ट फोटोग्राफी एग्जीबिशन' का शानदार आयोजन किया गया। सी.वी.रमन भवन में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और उत्कृष्ट फोटोग्राफी कौशल का प्रदर्शन किया। कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके उपरांत श्री रँगा ने प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित चित्रों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर चार दशक से फोटोग्राफी से जुड़े वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी को सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि फोटोग्राफी आर्ट एंड क्रिएशन सिखाती है। यह केवल एक कला नहीं, बल्कि अपने विचारों और दृश्यों को बिना शब्दों के प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। आज के डिजिटल युग में क्रिएटिव प्रोडक्ट फोटोग्राफी का क्षेत्र मीडिया, विज्ञापन और ई-कॉमर्स इंडस्ट्री में असीम संभावनाओं से भरा हुआ है। सभी प्रतिभागियों ने बहुत बेहतरीन फोटोग्राफी की सभी बधाई के पात्र हैं।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व फोटोग्राफी दिवस पर इस प्रकार की प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना और उन्हें उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। हमारे छात्रों ने प्रकाश व्यवस्था और एंगल का सटीक प्रयोग कर जिस प्रकार उत्पादों को जीवंत रूप दिया है, वह बेहद सराहनीय है।
कोऑर्डिनेटर सहायक प्रोफेसर सौरभ शुक्ला ने बताया कि प्रदर्शनी की थीम 'कैप्चर, क्रिएट, इंस्पायर' पर आधारित थी। विंटेज कैमरा प्रदर्शनी और विशाल काय कैमरा वाले सेल्फी पॉइंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस प्रदर्शनी में बीएजेएमसी तृतीय सेमेस्टर के 48 विद्यार्थियों ने 80 फोटोग्राफ शामिल रहे। जिसमें छात्रों द्वारा क्लिक की गई विभिन्न उत्पादों (जैसे घड़ियां, परफ्यूम, खाद्य पदार्थ एवं अन्य प्रोडेक्ट) की आकर्षक और व्यावसायिक फोटोग्राफी प्रदर्शित की गई।
प्रदर्शनी में डीन प्रो.अनुराधा शर्मा, आरएंडडी डायरेक्टर प्रो.मनीषा गर्ग, सहायक प्रोफेसर डॉ.तरुणा नरूला, डॉ.सोनिया हुड्डा, डॉ.अखिलेश त्रिपाठी, डॉ.नरेंद्र ढुल, अजय यादव, डॉ.आदर्श कुमार, डॉ.कुमार मौसम, कोमल, काजल अंशिका आए अतिथियों और प्राध्यापकों ने छात्रों द्वारा प्रदर्शित तस्वीरों की खूब तारीफ की। इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No comments :