//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 24 अगस्त 2026:
फरीदाबाद पुलिस द्वारा गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपियों तथा अवैध हथियार उपलब्ध करवाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने पत्नी के प्रेमी के सिर में गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को अवैध हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को 23 अगस्त को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान मंगल निवासी जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 30 जून 2026 की रात राजीव कॉलोनी स्थित किराए के मकान की छत पर सो रहे विपिन यादव (26) निवासी विनायकपुर, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के सिर में गोली मार दी गई थी। गोली लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी विजय (28) निवासी नंगला पीपल, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश, हाल जसवंत नगर मोहल्ला, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश को जेसीबी चौक के पास से गिरफ्तार किया था।
मुख्य आरोपी विजय की पूछताछ में सामने आया कि उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा और दो कारतूस आरोपी मंगल से 6,000 रुपये में खरीदे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मंगल और मुख्य आरोपी विजय आपस में पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं।
उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मंगल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी से हथियार उपलब्ध करवाने के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मंगल के खिलाफ पूर्व में भी एक वर्कशॉप में अवैध रूप से हथियार बनाने के संबंध में मामला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश में दर्ज है।

No comments :