फरीदाबाद जिले के गांव सिकरोना में सोमवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल की महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह वारदात पुलिस चौकी से महज कुछ मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरोना स्थित एक निजी स्कूल में टीचर थीं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा और उसने टीचर से मिलने की बात कही।
स्कूल स्टाफ ने संध्या को इसकी जानकारी दी। जैसे ही वह स्कूल के मुख्य गेट पर युवक से मिलने पहुंचीं, आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गई।

No comments :