फरीदाबाद में बढ़ती महंगाई के खिलाफ फरीदाबाद जन संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने एनआईटी-5 स्थित माता गुजरी चौक मोड़ पर नुक्कड़ नाटक कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया।
समिति के लोगों ने नाटक के जरिए आम आदमी की परेशानी को सामने रखा और कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब और मजदूर वर्ग की कमर तोड़ दी है। लोगों को जागरूक करने के साथ सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की गई।
नुक्कड़ नाटक के दौरान उन्होंने रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाया। नाटक में चीनी, सरसों का तेल, दाल और पेट्रोल की कीमतों का जिक्र करते हुए बताया गया कि खाने-पीने के सामान से लेकर वाहन चलाने तक हर जगह आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ता जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आमदनी सीमित है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
नाटक के दौरान एक व्यक्ति ‘महंगाई डायन’ की वेशभूषा में नजर आया। उसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचते हुए महंगाई के कारणों को लेकर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह का गेटअप सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाने के लिए किया गया है कि आखिर महंगाई की जड़ क्या है और इसका सबसे ज्यादा असर किस वर्ग पर पड़ रहा है।

No comments :