//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 20 अगस्त। जे.सी.बोस विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल विकास हेतु 'वीकली स्किल बूस्ट' श्रृंखला के तहत एक विशेष मास्टर क्लास आयोजित की गई। 'फ्रॉम क्वेश्चन टू हेडलाइन: प्रोफेशनल स्किल्स फॉर प्रेस कॉन्फ्रेंस' विषय पर आयोजित इस सत्र में फरीदाबाद की जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की।
विश्वविद्यालय परिसर के सी.वी.रमण ब्लॉक में आयोजित इस सत्र में बीएजेएमसी प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने विद्यार्थियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ध्यान रखी जाने वाली आवश्यक बातों और पेशेवर कौशल के बारे में
विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सफल पत्रकार की पहचान सही और सटीक सवाल पूछने की कला से होती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस केवल सूचना प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि वहां अपनी स्पष्टता, सटीक रिपोर्टिंग और प्रभावी हेडलाइन बनाने का हुनर दिखाना होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जनसंपर्क और पत्रकारिता में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्यों की गहन पड़ताल और निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है।
विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हमारा निरंतर प्रयास रहता है कि मीडिया विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान न देकर उन्हें क्षेत्र के व्यावहारिक अनुभवों से रूबरू कराया जाए। 'वीकली स्किल बूस्ट' जैसी श्रृंखलाओं के माध्यम से छात्र सीधे मीडिया और प्रशासनिक क्षेत्र के विशेषज्ञों से संवाद कर पा रहे हैं, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बेहतर सवाल पूछने, क्लैरिटी के साथ जुड़ने, सटीक रिपोर्टिंग करने और प्रभावकारी हेडलाइन तैयार करने से जुड़े व्यावहारिक प्रश्न भी पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने सरलता से समाधान किया। कोऑर्डिनेटर सहायक प्रोफेसर सोनिया हुड्डा ने विशेषज्ञ का धन्यवाद व्यक्त किया।

No comments :