//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद- नंगला एन्क्लेव पार्ट-1 में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान हिमेश उर्फ भोला निवासी गांव चंदौली, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड, हाल खानपुर देवली रोड, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपित को प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर 40,000 रुपये बरामद किये हैं।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार दीपक कुमार निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-1, NIT फरीदाबाद ने थाना सारन में दी शिकायत में बताया कि 13 जून को सुबह परिवार के सभी सदस्य निजी कार्य से गांव गए हुए थे। अगले दिन 14 जून 2026 की सुबह पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके मकान का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह फरीदाबाद वापिस आया और मकान पर पहुंचकर देखा कि मुख्य गेट सहित अंदर के कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। घर के सामान की जांच करने पर पता चला कि मकान से सोने-चांदी के आभूषण तथा 10,000 रुपये नकद चोरी किए गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपित हिमेश उर्फ भोला को प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मकान में प्रवेश किया और ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपित ने चोरी किए गए सामान को बेच दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। थाना सारन क्षेत्र में ही चोरी की एक अन्य वारदात के मामले में वह जेल में बंद था। पुलिस टीम ने आरोपित की निशानदेही पर 40,000 रुपये बरामद किये हैं।
जिसको कार्रवाई के बाद माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

No comments :