//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 1 अगस्त। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा डीएलएफ ने थाना सूरजकुंड क्षेत्र के गांव अनंगपुर में हुए सनसनीखेज हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए महिला आरोपिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने हत्या की इस वारदात में तकनीकी एवं गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर कार्रवाई की और मध्य प्रदेश के जिला रीवा (गांव सतना) हाल किराएदार गांव आनंगपुर की रहने वाली एक महिला को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई को थाना सूरजकुंड पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव अनंगपुर के डोमका मोहल्ला स्थित एक मकान में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सदाकत (36 वर्ष), निवासी रामपुर शाहपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या की गई थी।
घटना के संबंध में मृतक के भाई नजाकत अली की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखा डीएलएफ को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए महिला को 31 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना के बाद 24 घंटे में ही पुलिस की टीम ने कामयाबी हासिल की है।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक सदाकत और आरोपिता दोनों ओमेक्स सोसाइटी में काम करते थे। सदाकत पेंटिंग जबकि महिला घरेलू कार्य (झाड़ू-पोंछा) करती थी। दोनों पहले से शादीशुदा थे। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था। उसकी सदाकत से जान-पहचान हो गई थी। वह सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वहीं सदाकत उसे टरका रहा था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 25 जुलाई को महिला ने सदाकत को अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसने उसे शराब पिलाई। देर रात जब सदाकत नशे की हालत में सो गया तो उसने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने कमरे को बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गई, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 1 अगस्त को महिला को अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार, घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य तथा वारदात के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।

No comments :